कांठ। अधिवक्ताओं ने समस्याओं और मांगों को लेकर डीएम को आठ सूत्री ज्ञापन दिया है। उन्होंने मांगों को पूरा करने और समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की है।
शनिवार को तहसील बार एसोसिएशन कांठ के अधिवक्ता डीएम अनुज सिंह से मिले। उन्हें ज्ञापन देते हुए तहसील की खतौनियों के समस्त गाटों को दुरुस्त कराने, पड़ताल के बाद भी खसरों में गन्ना, धान, गेहूं आदि फसलों के अंकित न होने के कारण किसानों को बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड में आ रही परेशानी का समाधान कराने, मूल्यांकन सूची के साथ राजमार्ग, लिंक मार्ग आबादी आदि के गाटों की सूची जारी करवाने, तहसील अधिवक्ता परिसर व ग्राम न्यायालय की रात्रि सुरक्षा और यहां प्रकाश व्यवस्था के इंतेजाम कराए जाने, अधिवक्ताओं को चेंबरों के लिए भूमि उपलब्ध कराने, वहीं उनके चेंबरों पर लगे बिजली कनेक्शनों का फिक्स चार्ज कराने, धारा 34 की ऐसी पत्रावली जो बैनामें से संबंधित है, जिसमें खातेदार/विक्रेता का खतौनी में नाम नहीं है, उन पत्रावलियों को खारिज नहीं कराने की मांग की। अधिवक्ताओं ने बताया कि मांगों व समस्याओं के संबंध में डीएम ने उन्हें समाधान का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में बार अध्यक्ष प्रदीप कुमार, महासचिव दीपक विश्नोई, पूर्व महासचिव चौधरी चरन सिंह ढाका, डॉ. विनीत नैन, संजीव कुमार आदि अधिवक्ता व बार पदाधिकारी रहे।