मुरादाबाद। एडीजी जोन राजकुमार ने जिले के पुलिस अधिकारियों को थाने से लेकर जिला स्तर तक प्रतिमाह व्यापारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से हल करने की भी पुलिस अधिकारियों को सलाह दी।
कांठ रोड स्थित एक होटल में एडीजी राजकुमार ने सोमवार रात व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान व्यवसायियों ने घास मंडी तिराहे के समीप सब्जी मंडी में कुछ लोगों के नगर निगम की जमीन पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया। कहा गया कि पुलिस प्रशासन यदि इस स्थान को खाली करा दे तो पार्किंग की समस्या हल हो जाएगी। इसी प्रकार जेल के आवासीय परिसर की तरफ पार्किंग के लिए काफी स्थान खाली है। वहां भी पार्किंग बनने से लोगों का भला होगा। पुलिस के प्रयास से टाउनहाल के समीप पार्किंग बनाई गई है लेकिन अभी और पार्किंग की जरूरत है। व्यवसायी गिरीश भंडूला ने कहा कि पुलिस और व्यवसायियों के साथ प्रतिमाह बैठक होनी चाहिए। एक रेस्टोरेंट संचालक ने कहा कि उसके कर्मचारी रात में घर जाते हैं तो पुलिस टोकाटाकी करती है। एक व्यवसायी ने आरोप लगाया कि बिलारी क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया था लेकिन वहां फिर अतिक्रमण हो गया है। एक व्यवसायी ने चालान के लिए अलग पुलिस बल लगाया जाने की मांग की। क्योंकि चालान करते समय चौराहे को कोई संचालित नहीं करता है और जाम लग जाता है। एडीजी ने इस मामले में एसएसपी हेमंत कुटियाल और एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह को समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में व्यवसायी नीरज मित्तल, नीरज अग्रवाल, अजय अग्रवाल, शरद, गोपाल, नोमान मंसूरी, संजीव सिंघल, निरुपम विश्नोई आदि मौजूद थे।