मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के लाइनपार प्रकाश नगर में रहने वाले एक युवक से साइबर ठगों ने 18.16 लाख रुपये ठग लिए। साइबर ठगों ने टेलीग्राम के जरिए युवक से संपर्क किया और निवेश कराने के नाम पर रकम ट्रांसफर कर ली। इस मामले में पीड़ित के तहेरे भाई ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मझोला के लाइनपार प्रकाश नगर निवासी अंकुश कुमार ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसके चचेरे भाई महेश ने टेलीग्राम पर आईडी बना रखी है। टेलीग्राम पर सीता माय लाइफ नाम से बनी आईडी से महेश के पास मैसेज आया और निवेश कराने के नाम पर अधिक मुनाफा कराने का झांसा दिया। अंकुश ने निवेश करने के लिए हां कर दी। एजेंट ने व्हाट्सएप पर कॉल की और टेलीग्राम पर एक लिंक भेजकर एप डाउनलोड करा दिया। इसके बाद पीड़ित की आईडी भी बना दी गई। जिस पर साइबर ठगों ने रुपये जमा कराने शुरू कर दिए। पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग खातों में 18.16 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद पीड़ित ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो रुपये नहीं निकल पाए। पीड़ित उन नंबरों पर संपर्क किया। जिन्होंने रकम ट्रांसफर कराई थी तब उन्होंने बताया कि तीन-तीन लाख रुपये निकालने थे अब उन्हें सिक्योरिटी के छह लाख रुपये और जमा करने होंगे। इसके बाद पीड़ित को समझ में आ गया कि उसके साथ साइबर ठगी हो गई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।