मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाले पीतल कारोबारी के बेटे ने दिल्ली की युवती से दोस्ती कर ली और शादी का वादा करके उसका शारीरिक शोषण किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली के लाजपत नगर क्षेत्र में रहने वाली युवती ने कटघर थाने में शनिवार की रात कटघर क्षेत्र के लाजपत नगर निवासी जिकरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले जिकरान नाम के युवक से उसकी दिल्ली में दोस्ती हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि जिकरान ने बताया था कि उसके पिता नौशाद अली का मुरादाबाद में पीतल का बड़ा कारोबार है। आरोपी ने यह भी बात बताई थी कि उसकी मुरादाबाद में कई पीतल की फैक्टरी हैं। जिसमें तैयार उत्पाद विदेशों में निर्यात किए जाते हैं। पीड़िता आरोपी के झांसे में आ गई। आरोपी ने उसे मुरादाबाद बुला लिया और उसका शारीरिक शोषण किया इसके बाद आरोपी ने शादी करने से इन्कार कर दिया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत की तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दूंगा। आरोपी और पीड़िता अलग अलग समुदाय से हैं। इस लिए इस मामले में पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है।