मुरादाबाद। जिला आपूर्ति विभाग ने बुद्धि विहार सेक्टर चार स्थित एक जनरल स्टोर पर रविवार की शाम छापा मारकर 19 गैस सिलिंडर जब्त किया। इस दौरान टीम गैस भरने वाले दो रिफीलरों को भी बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कालाबाजारी अधिनियम के तहत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
जिलापूर्ति विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली कि बुद्धि विहार में गैस की कालाबाजारी की जा रही है। रविवार की शाम आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी आनंद प्रभु एवं निरीक्षक सत्यजीत की टीम ने पुलिस के साथ सेक्टर चार स्थित प्रिया जनरल स्टोर में छापा मार दिया। टीम ने मौके से 12 बड़े और सात छोटे घरेलू गैस सिलिंडर को जब्त कर लिया। बड़े सिलिंडर में छह भरे हुए और छह खाली थे। ठोटे सिलिंडर में तीन भरे और चार खाली थे। टीम ने मौके से दो रिफीलर बरामद किया। जांच अधिकारियों का कहना है कि जनरल स्टोर के दुकानदार ज्ञानेंद्र कुमार रिफीलर से गैस को सिलिंडरों में भरते रहे हैं। इस मामले में दुकानदार से पूछताछ कर शीघ्र ही थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। टीम ने इस दौरान क्षेत्र में भ्रमण कर गैस सिलिंडर के बारे में लोगों से जानकारी ली है। आगाह किया है कि अनावश्यक गैस सिलिंडर इकट्ठा न करें।