कुंदरकी। बरेली से दवाई लेकर घर लौटने के दौरान सड़क हादसे में घायल कुंदरकी नगर निवासी शरीफ अहमद (60) की मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि हादसे में घायल उसके बेटे की इलाज चल रहा है। कुंदरकी नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी शरीफ अहमद (60) अपने पुत्र अनीस अहमद के साथ एक जून को बरेली से दवा लेकर बाइक से कुंदरकी लौट रहे थे। बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आ गई।
इस हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों को पहले बरेली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
जहां बुधवार की देर शाम शरीफ अहमद की मौत हो गई। वहीं गंभीर घायल अनीस अहमद का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। शरीफ अहमद की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। बताया गया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था।
बताते हैं कि शरीफ अहमद की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के बृहस्पतिवार को नगर के ही कब्रिस्तान में शरीफ अहमद के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।