मुरादाबाद। मंडल के एक अधिकारी को अपना भाई बताकर महिला ने रामपुर के एक व्यक्ति को जमीन दिलाने और उसकी बेटी की नौकरी लगवाने के नाम पर 23.92 लाख रुपये ठग लिए। रामपुर की रहने वाली महिला ने सेवानिवृत्त कानूनगो और चार अन्य के साथ मिलकर इस ठगी की घटना को अंजाम दिया है। सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कर लिया है।
रामपुर जिले के ज्वाला नगर थाना क्षेत्र के सिक्योरिटी फार्म लेबर कॉलोनी निवासी मुन्नीलाल ने मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि 2021 बेटे की आत्महत्या के बाद उन्होंने अपना दो मंजिला मकान बेचने का मन बना लिया था। उन्होंने इस मकान का सौदा दुष्यंत कुमार को 80 लाख रुपये में में कर दिया था। मुन्नी लाल का दावा है कि दुष्कर्म ने पांच लाख रुपये एडवांस देकर चार माह में मकान का बैनामा करने की बात तय की थी लेकिन चार माह में बाद बैनामा नहीं कराया तो दुष्यंत की रकम वापस कर दी और साकेत कुमार सक्सेना को 80 लाख रुपये में मकान बेच दिया। इसके बाद दुष्यंत ने रामपुर में सीओ सिटी को उनके खिलाफ शिकायत पत्र दे दिया था। वह सीओ सिटी दफ्तर गए तो वहां रामपुर जिले के ज्वाला नगर थाना क्षेत्र के राम विहार कॉलोनी निवासी रागिनी शर्मा मिल गई और उसने मंडल के एक अधिकारी को अपना भाई बताते हुए जांच बंद कराने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने जांच खत्म कराने के नाम पर तीन लाख रुपये लिए।
आरोपी महिला ने उनकी बेटी की नौकरी नगर निगम में लगवाने के नाम पर तीन लाख 50 हजार रुपये। दीपावली पर अधिकारी को गिफ्ट के नाम पर दो लाख रुपये लिए। इसके बाद आरोपी महिला ने चार बीघा जमीन दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का आरोप है आरोपी महिला ने सुशील शर्मा, अख्तर, शमशाद और ब्रजपाल के साथ मिलकर अलग अलग तारीख में उनसे 23 लाख 92 हजार रुपये लिए हैं। पीड़िता का दावा है कि उनके पास इसके फोटो और वीडियो भी मौजूद हैं। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
00
बड़े अधिकारी को राखी बांधती हूं
मुरादाबाद। पीड़ित का कहना है कि आरोपी महिला रागिनी ने उनसे कहा कि बड़े अधिकारी मेरे भाई हैं। मैं उन्हें राखी बांधती हूं और वह मुझे अपनी बहन मानते हैं। भाई से कहकर तुम्हारी जांच बंद करा दूंगी और बेटी की नौकरी भी लगवा दूंगी।