डिलारी (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र के वीरुवाला गांव में रविवार की शाम तेंदुए ने घेर में बंधे बछड़े पर हमला कर दिया। उसे खींच कर गन्ने के खेत में ले गया और निवाला बना लिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर जंगल में तेंदुए की काफी तलाश की लेकिन तेंदुआ कहीं दिखाई नहीं दिया।
क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में खौफ बरकरार है। डिलारी के वीरुवाला गांव निवासी कुंवर सिंह ने बताया घर के पीछे ही उनका घेर है। उसमें पशु बंधे रहते हैं। कुंवर सिंह का कहना है कि उनके घेर की चारदीवारी नहीं हैं। घेर के पास ही गन्ने का खेत है। रविवार की शाम छह बजे उन्होंने देखा कि तेंदुआ घेर में घुस गया और बछड़े पर हमला कर खींच कर गन्ने के खेत में ले गया। उन्होंने शोर मचाया तो गांव के अन्य लोग आ गए और उन्होंने लाठी-डंडे से जंगल में तेंदुए की तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्होंने देखा कि बछड़े का कुछ हिस्सा पड़ा मिला। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान रेखा देवी ने वन विभाग को घटना की सूचना देकर गांव में पिंजरा लगाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह का कहना है कि वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है।