मुरादाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के मुरादाबाद चैप्टर की कमान अब महिला डाक्टरों के हाथ में आ गई है। अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष पर चुनी गईं महिला डाक्टरों के साथ 55 सदस्यीय कार्यकारिणी ने वार्षिक अधिवेशन में शपथ ग्रहण की। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुरेश जैन ने बतौर मुख्य अतिथि डाक्टरों से सेवा की मिसाल कायम करने का आह्वान किया।
होटल मधुरम हेरिटेज में आयोजित वार्षिक सभा की शुरुआत आईएमए प्रार्थना से हुई। अध्यक्ष डा. अजय अग्रवाल, सचिव डा. एसके गुप्ता ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट पेश की। टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन ने नई अध्यक्ष डा. अर्चना अग्रवाल को अध्यक्ष कालर पहनाया। सचिव डा. बबिता गुप्ता, कोषाध्यक्ष डा. प्रीति गुप्ता के साथ कार्यकारिणी के 55 सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। कार्यकारिणी के सदस्यों को सम्मानित किया गया। चुनाव अधिकारी डा. विनय गुप्ता ने शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए सभी का आभार जताया।
इस मौके पर आईएमए यूपी के अध्यक्ष डा. विनीत कुमार, सचिव डा. संजय जैन, कोषाध्यक्ष डा. आनंद प्रकाश, आईएमए एएमएस के चेयरमैन डा. नीरज गुप्ता, डा. जेके अग्रवाल, डा. मनोज सक्सेना, डा. राजेश सिंह, डा. वीके गोयल, डा. नितिन बत्रा, प्रेसीडेंट इलेक्ट (14-15) डा. संजीव सिंघल, डा. रवि गंगल समेत बड़ी संख्या में डाक्टर्स मौजूद रहे।
---
ब्लड बैंक को नई ऊंचाईयाें तक ले जाने का संकल्प
- टीएमयू कुलाधिपति ने दी एक लाख की सहायता राशि
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। वार्षिक अधिवेशन में इस साल ब्लड बैंक की शुुरुआत होने पर खुशी जताई गई। बतौर मुख्य अतिथि टीएमयू चांसलर सुरेश जैन ने आईएमए ब्लड बैंक को एक लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा।
आईएमए के लिए ब्लड बैंक का ड्रीम प्रोजेक्ट काफी समय से अहम था। मुख्य अतिथि श्री जैन के अलावा आईएमए यूपी चैप्टर के पदाधिकारियों ने भी अपने संबोधन में इसके लिए कार्यकारिणी को बधाई दी। प्रदेश अध्यक्ष डा. विनीत कुमार ने कहा कि इससे मुरादाबाद देश के टाप 20 में शामिल हो गया है। सचिव डा. संजय जैन ने डाक्टर्स से क्लीनिकल एक्ट को लेकर लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। ब्लड बैंक कनवीनर डा. नितिन बत्रा ने कहा कि प्रयास रहेगा कि इस ब्लड बैंक को एक आदर्श बनाया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार कैंप मिल रहे हैं। इससे ये पता चलता है कि आईएमए पर लोगों का कितना विश्वास है।
----
महिलाओं के स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। शपथ ग्रहण के बाद नई कार्यकारिणी की अध्यक्ष डा. अर्चना, सचिव डा. बबिता व कोषाध्यक्ष डा. प्रीति गुप्ता ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वे सभी को साथ लेकर चलेंगी। आईएमए मुरादाबाद के नाम को देश के फलक पर चमकाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी फोकस रहेगा। नई पदाधिकारियों ने कहा कि इसके लिए बस्तियों में हेल्थ चेकअप कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा आईएमए के नए भवन के लिए रियायती दरों पर जमीन के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगी
देर रात तक रंगारंग कार्यक्रमों की धूम
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। वार्षिक अधिवेशन में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इसमें दिल्ली से आए आर्केस्ट्रा ग्रुप के कलाकारों ने धूम मचाई। तो हमेशा मरीजों के इलाज में व्यस्त रहने वाले डाक्टर्स ने भी खूब इंज्वाय किया। डाक्टर्स ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब धमाल मचाया। किसी ने डांस किया तो किसी ने गाना गाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कई ने अपनी शेरों शायरी से समा बांध दिया।
---