मुरादाबाद। माघ का महीना है तो प्रकृति भी आनंद का उत्सव मनाने में कहां पीछे रहती। सोमवार की शाम से ‘मेघ मल्हार’ ने धरती को भिगोया। बूंदों के साथ बिजली भी गिरी। पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहे। रह-रहकर गड़गड़ाते बादलों और चमकती बिजली ने लोगों को डराया। मौसम में तो खास तब्दीली नहीं आई। अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिर गया।
सोमवार सुबह से ही मौसम ने पलटी मारी है। सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन मंगलवार को सुबह से ही बूंदाबंादी होती रही। कभी कम तो कभी ज्यादा लेकिन बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। हल्की हवा भी चलती रही। तापमान पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 15.2 था। मंगलवार को ये 18 व न्यूनतम 15 पर ही रहा। जीआईसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र में मंगलवार को 4.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। बूंदाबांदी का असर जनजीवन पर भी पड़ा। सुबह से ही लोग घरों से कम निकले। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानियां हुईं। बाजारों में भी चहल पहल कम रही।
---
बारिश से कई जगह ब्रेकडाउन
मुरादाबाद। बारिश के चलते मंगलवार को शहर के तमाम हिस्सों में ब्रेकडाउन हुआ। पीलीकोठी पर हाईटेंशन लाइन के इंसुलेटर फुंक गए। इसके अलावा विवेकानंद सबस्टेशन में भी इंसुलेटर फुंक गए। इससे सप्लाई बाधित रही। बाकी जगहों पर भी ट्रिपिंग चलती रही। इधर, खराब मौसम के चलते बड़े बिजलीघर में दस एमवी सबस्टेशन में केबिल फाल्ट को दूसरे दिन भी ठीक नहीं किया जा सका।