मुरादाबाद। होटल और ढाबों पर भी रर्सोई गैस का इस्तेमाल हो रहा है। सप्लाई विभाग ने छापामारी करके पांच सिलेंडर जब्त किए हैं। राशन की दुकानों पर भी वितरण की स्थिति को जांचा गया। मंगूुपुरा की दुकान निलंबित कर दी गई है। यहां एपीएल कार्ड धारकों को गेहूं का वितरण नहीं किया गया था।
गैस कालाबाजारी के मामले लगातार गूंज रहे हैं। घरेलू कनेक्शन के उपभोक्ताओं को भले ही सिलेंडर समय से नहीं मिल पा रहा हो लेकिन ब्लैक में तो हाथों हाथ गैस मिल जाती है। होटल और ढाबों की भट्टियां भी रसोई गैस से ही गर्म हो रही हैं। बुधवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने छापामारी की। बिलारी में ही पांच ढाबों से सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी कन्हैया लाल तिवारी ने बताया कि हाईवे पर कई दूसरे ढाबे भी चेक कराए गए थे। वहीं तहसील दिवस में मंगूपुरा में राशन की दुकान का मामला गूंजा था। शिकायत की गई थी कि एपीएल कार्ड धारकों को गेहूं का वितरण नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने शपथ पत्र भी दिए थे। सप्लाई विभाग की टीम ने जब गांव में जाकर लोगों के बयान लिए तो दस लोग ऐसे मिले हैं जिन्हें एपीएल कार्ड पर गेहूं नहीं मिला था।