मुरादाबाद। सरकार वारिस पाक की महफिल सजी। शायरों ने नातिया कलाम पेश किए। कव्वालों ने महफिल में समां बांध दिया। देर रात तक अकीदतमंद झूमते रहे। आखिर में सरकार वारिस की बारगाह में नज्र पेश की गई।
अंसार इंटर कालेज में खादिम-ए-सरकार वारिस पाक कमेटी गुईंयाबाग की जानिब से जश्न-ए-वारिस पाक मनाया गया। इसमें असर की नमाज के मौला-ए-कायनात का कुल शरीफ हुआ तो मगरिब की नमाज के बाद लंगर तकसीम किया गया। रात को इशा की नमाज के बाद तिलावत-ए-कलाम के साथ महफिल का आगाज हुआ। इसमें हजरत मौलाना दानिशगुल कादरी अशरफी ने सरकार वारिस पाक की जिंदगी पर रोशनी डाली। उनकी बयान के साथ कारनामों को भी बयान किया। लोगों से नेक रास्ते पर चलने की नसीहत की। इसके बाद नातिया महफिल में शायर रंगीन हैदरी, अशरफ अशरफी, शहरीन वारसी और अर्श वारसी ने नातिया कलाम पेश किए। इस बीच कव्वाल गुलाम वारिस वारसी ने कव्वाली पेश की। नात और कव्वाली का सिलसिला देर रात तक चलता रहा, अकीदतमंद यूं ही जमे रहे। आखिर में सरकार वारिस पाक की बारगाह में नज्र पेश की गई। इस मौके पर काफी तादाद में एहरामपोश और गद्दीनशीन ने शिरकत की। कार्यक्रम की निजामत इम्तियाज बरकाती ने की। इसमें कशिश वारसी, नसीम वारसी, रिजवान वारसी, हसन वारसी, वसीम वारसी, जावेद वारसी आदि मौजूद थे।