बिजली चोरो के कनेक्शन काटने के बाद तारो को लेकर जाता कर्मचारी
मुरादाबाद। बिजली चोरों पर नकेल कसने के लिए शहर में सघन चेकिंग अभियान ने तेजी पकड़ ली है। मंगलवार को पीतलबस्ती के पचपेड़ा और रामपुर रोड फीडर में 41 बिजली चोर पकड़े गए हैं। विभाग के मुताबिक ये कई माह पहले से बिजली चोरी कर रहे थे और अब तक विभाग को लगभग 2 करोड़ की चपत लगा चुके हैं। मंगलवार को चोरी पकड़े जाने के बाद सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही 80 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला जाएगा।
विद्युत वितरण खंड तृतीय के फीडरों पर सर्वाधिक चोरी होने के कारण बिजली टीमें लगातार रेड कर रही हैं। भारी लाइन लास वाले फीडरों को चिह्नित करके कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को सूचना पर विद्युत विभाग के एसडीओ, जेई व अन्य कर्मचारियों ने विजिलेंस और पुलिस बल के साथ पीतलबस्ती में रेड की। इस दौरान 41 घरों में कटिया के जरिए बिजली चोरी पाई गई। टीम को विरोध भी झेलना पड़ा लेकिन मौके पर सभी बिजली चोरों के कनेक्शन काटे गए। मंगलवार शाम को जेई ने बिजली चोरों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एसडीओ राजवीर कटारिया ने बताया कि सूचना पर यह कार्रवाई की गई। इनमें अधिकांश कनेक्शन एलएमवी वन प्रकार के हैं। उन्होंने बताया कि बिजली चोरों से लगभग 80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में विभाग की टीम आगे भी यह क्रम जारी रखेगी।