मुरादाबाद। सांसद चुनने के लिए मतदाताओं ने तेरह प्रत्याशियों की तकदीर को ईवीएम में सुरक्षित किया है। इनको आने वाले 29 दिनों तक अर्द्धसैन्य बल और स्थानीय पुलिस की कड़ी सुरक्षा में मंडी समिति के गोदाम में रखा जाएगा। पुलिस ने गोदाम तक आने वाले मंडी के सभी रास्तों को सील कर दिया है। प्रशासकीय अधिकारियों के मुताबिक परिसर में सिर्फ चुनिंदा कर्मचारियों के अतिरिक्त बिना पहचानपत्र दिखाए कोई नहीं आ सकता है।
मंगलवार की पूरी रात ईवीएम को सील कराकर गोदाम में रखवाने में पूरा अमला जुटा रहा। बुधवार सुबह को पंडाल वगैरह हटवाने के साथ नगर निगम की टीम सफाई व्यवस्था में जुटी नजर आई। मझोला थाने की पुलिस ने रास्ते पर बेरिकेडिंग लगा दी थी। ताकि बिना अनुमति कोई अंदर की तरफ न आ सके। वहीं परिसर के अंदर अर्द्धसैन्य बल मुस्तैद था।
चूहे कम नहीं है परिसर में
यहां काम करने वालों के बीच चर्चा थी कि इस गोदाम में गेहूं और चावल के बोरे रखे जाते थे। काफी बड़े चूहों का यहां आतंक था। अब प्लास्टिक के बाक्स में पैक रखी ईवीएम मशीनों को भी यह चूहे न कुतर दें। अगर ऐसा होता है तो लोगों के दिए वोट ही खतरे में पड़ जाएंगे।