मुरादाबाद। घर से निकलकर मंगलवार को बूथों तक पहुंचे करीब साढ़े बारह लाख मतदाताओं ने लोकसभा सीट के 13 प्रत्याशियों की तकदीर ईवीएम में कैद कर दी है। वोटरों ने अपना फैसला किसके पक्ष में दिया है, यह 23 मई को पता चलेगा। फिलहाल सभी प्रत्याशी अपनी - अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अलबत्ता बूथों का माहौल बयां कर रहा है कि चुनाव में सांसद सर्वेश सिंह और गठबंधन से सपा के प्रत्याशी डा. एसटी हसन के बीच कांटे की टक्कर हुई है। ध्रुवीकरण के माहौल में हुए मतदान में आंकड़े बताते हैं कि विजयश्री उसी के पक्ष में खड़ी होगी जहां अनुसूचित जाति के मतों का झुकाव रहा होगा। बीच में मुख्य मुकाबले में नजर आ रहे कांग्रेस प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी मंगलवार को मुकाबले में पिछड़ते नजर आए।
मंगलवार को मतदान शुरू हुआ तो ध्रुवीकरण की हवा में बाकी सभी मुद्दे पीछे छूटते नजर आए। शहर से लेकर देहात के बूथों तक मुद्दों के बजाए जातीय गणित के आधार पर मतदान होता नजर आया। बसपा का वोट बैंक समझे जाने वाले अनुसूचित जाति के मतदाता शुरु में भाजपा की तरफ झुकाव के बाद आखिरकार अपने पुराने घर बसपा की तरफ ही लौटते नजर आए। इससे भाजपा को निराशा जरूर हाथ लगी है लेकिन ठाकुरद्वारा, कांठ और डिलारी क्षेत्र में कुछ मतदाता सर्वेश के साथ खड़े नजर आए। इमरान प्रतापगढ़ी की जनसभाओं में उमड़ी भीड़ ने मुकाबले के त्रिकोणीय होने के संकेत दिए थे लेकिन मंगलवार को यह भीड़ वोटों में तब्दील होती कम ही दिखी। कुछ स्थानों पर कांग्रेस को वोट देने का मन बनाकर निकले मतदाताआें ने इमरान को मुकाबले में पिछड़ता देख आखिरी वक्त में मन बदला। सपा प्रत्याशी डा. एसटी हसन को मुस्लिम मतों के ध्रुवीकरण और बसपा के वोट बैंक का लाभ मिल सकता है। कुल मिलाकर इस सीट पर हार जीत का अंतर 20 से 25 हजार के बीच रह सकता है। सर्वेश और एसटी हसन के बीच कांटे की टक्कर है। हालांकि फिलहाल तीनों प्रमुख प्रत्याशी अपनी - अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
प्रत्याशियों के दावे
जुमले वालों को जनता ने नकारा: डा. हसन
मुरादाबाद। गठबंधन प्रत्याशी डा. एसटी हसन का कहना है कि जुमलेबाजों और गाने बजाने वालों को जनता ने नकार दिया है। हिंदू और मुसलिम मतदाताओं ने गठबंधन के पक्ष में रिकार्ड मतदान किया है। बोले, वह रिकार्ड मतों से जीतेंगे। मुकाबले में कोई नहीं है। कांग्रेस कहीं भी दौड़ में नहीं थी। डा. हसन ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मनोरंजन तो कर सकते हैं, लेकिन राजनीति नहीं कर सकते। कोई भी बड़ा नेता उनके प्रचार में भी नहीं आया। बोले, कई जगहों पर ईवीएम में खराबी से मतदान प्रभावित हुआ। कई मतदाता वापस लौट गए। निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।
मुकाबले में कोई नहीं, जीत पक्की: इमरान
मुरादाबाद। कांग्रेस प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस के समर्थन में जनता में एकतरफा माहौल दिखा। सभी धर्मों और वर्गों के लोगों ने कांग्रेस के लिए बंपर वोटिंग की है। उन्होंने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी कहीं भी दौड़ में नहीं थे। उनका सीधा मुकाबला भाजपा से था। बोले 21 अप्रैल के रोड शो से पूरा माहौल ही बदल गया था। उनके सामने मैदान में कोई लड़ाई में नहीं बचा था। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने वोटरों के ध्रुवीकरण और उन्हें बरगलाने की कोशिश की। जनता ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दे दिया है। इमरान ने कहा कि उन्होंने चुनाव में न तो बुरके का सहारा लिया और न ही पुलवामा का। प्यार और सिद्धांत की राजनीति की।
पहले से भी अधिक मतों से जीतूंगा: सर्वेश
मुरादाबाद। भाजपा प्रत्याशी और सांसद सर्वेश सिंह का कहना है कि वह पहले से भी अधिक मतों से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी धर्मों के लोगों का भरपूर प्यार मिला है। कांठ, ठाकुरद्वारा और डिलारी क्षेत्र के साथ ही पूरी लोकसभा में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी उन्हें खूब वोट दिए हैं। सर्वेश ने दावा किया कि उन्हें करीब पौने सात लाख वोट मिलेंगे। इसके अलावा करीब 50 हजार मुस्लिम वोट मिलने का दावा भी वह कर रहे हैं। उनका कहना है कि अनुसूचित जाति के मतदाताओं ने भी इस बार उन्हें अच्छी संख्या में वोट दिए हैं। इसलिए उनकी जीत पक्की है। वह अपना मुख्य मुकाबला सपा से मानते हैं लेकिन उनका कहना है कि कांग्रेस भी अच्छे वोट हासिल करेगी।