बिलारी (मुरादाबाद)। भारतीय किसान यूनियन असली से जुड़े गन्ना किसानों ने बृहस्पतिवार की दोपहर क्षेत्र के दो अलग-अलग ग्रामों में गन्ने की होली जलाई। नियामतपुर गांव में संपर्क मार्ग स्थित सार्वजनिक चौक पर इकट्ठा हुए। गन्ना किसानों ने पहले तो बैठक की। उसके बाद गन्ना संबंधी समस्याओं और डीएपी खाद की मूल्य वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने गन्ने की होली जलाई।
यहां विरोध प्रदर्शन में जितेंद्र सिंह, हरवीर सिंह, वीर सिंह, जगतपाल सिंह, प्रशांत, सुरेश, नितिन, जितेंद्र, अमित, सचिन, अभिनव आदि मुख्य रूप से शामिल रहे। क्षेत्र के भूड़ावास गांव में जमा भाकियू असली से जुड़े किसानों ने बैठक में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अपने वादे के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद नहीं की जा सकी। उड़द बाजरा और मक्का आदि की खरीद के लिए सरकार द्वारा क्रय केंद्र खोलने की सही व्यवस्था न होने से किसानों को अपनी फसलों के सही दाम नहीं मिल पाए।
सभी वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में गन्ने की होली जलाई। भूड़ावास गांव में विरोध प्रदर्शन में भाकियू असली युवा के जिला महासचिव जितेंद्र सिंह, भूरे सिंह, दिनेश कुमार, सूरज सिंह, अजयपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, सत्यवीर सिंह, रनवीर सिंह, कमलवीर सिंह आदि मुख्य थे।