मुरादाबाद। राज्य स्तरीय रेफरी सेमिनार एवं प्रशिक्षक प्रशिक्षण कोर्स का रविवार को प्रिंस रोड स्थित एक होटल में समापन हो गया। सेमिनार में प्रदेश भर के लगभग 50 से अधिक रेफरी व कोच ने प्रतिभाग किया। दो दिन तक सभी को इंडियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन के महासचिव मनोज नायर ने प्रशिक्षण दिया।
फेडरेशन के महासचिव होने के साथ नायर आर्म रेसलिंग खेल के अंतरराष्ट्रीय रेफरी भी हैं। प्रशिक्षण में मुरादाबाद, अमरोहा, बलिया, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, सहारनपुर, मैनपुरी, गोरखपुर, चंदौली, बिजनौर, मेरठ, बरेली, गाजियाबाद, संभल, सीतापुर, मुजफ्फरनगर, लखनऊ, मिर्जापुर, फिरोजाबाद, वाराणसी, आजमगढ़, कानपुर, मथुरा, गोंडा आदि जिलों के कोच व रेफरी ने प्रतिभाग किया।
यह कार्यशाला भारतीय आर्म रेसलिंग महासंघ के अंतर्गत आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित हुई। एसोसिएशन के महासचिव शाहवेज अली ने बताया कि कार्यशाला में आर्म रेसलिंग खेल के नियमों और तकनीक के बारे में जानकर कोच और रेफरी निपुण बने। प्रशिक्षण का समापन मुख्य अतिथि डॉ. अनंत राणा, डॉ. श्रुति राणा व आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अकमल खान, शुमायला खान, उत्सव शर्मा, आदित्य जायसवाल, अरविंद सिंह, शोभित भारद्वाज, रोहित आदि मौजूद रहे।