मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में रामपुर मार्ग पर एक ट्रक चालक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद से ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।
शाहजहांपुर के गांव बाराजाई निवासी शकील उर्फ पप्पू मजदूरी करने दुबई जाने के लिए कार से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था। कार में उसके साथ उसका भाई इरफान और मित्र फैज, निहाल व मेहराज भी साथ जा रहे थे। फैज के अनुसार जैसे ही कार रामपुर रोड पर मूंढापांडे के निकट पहुंची ओवरटेक करते हुए एक ट्रक चालक ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार शकील समेत सभी पांचों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें से शकील, इरफान और फैज की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।