मुरादाबाद। जिला अस्पताल की जेनरेटर सप्लाई वाली लाइन सोमवार को प्रभावित हो गई। इससे ओपीडी में करीब 45 मिनट बिजली सप्लाई बाधित रही। ओपीडी में अंधेरा छा गया, भीषण गर्मी से मरीज और तीमारदार बिलबिला उठे।
जिला अस्पताल की ओपीडी और सीएमएस कार्यालय में बिजली सप्लाई दो लाइनों से होती है। एक ट्रांसफार्मर वाली लाइन और दूसरी जेनरेटर सप्लाई वाली लाइन। ट्रांसफार्मर सप्लाई वाली लाइन से एसी और मशीनें चलती है, जबकि जेनरेटर सप्लाई से बिजली, पंखे आदि चलते हैं। सोमवार को जेनरेटर सप्लाई की लाइन बाधित हो गई। इससे पूरे ओपीडी और सीएमएस कार्यालय की बिजली गुल हो गई। ओपीडी में डॉक्टरों के कमरे में अंधेरा छा गया। मरीज और तीमारदार पसीने से तरबतर हो गए। करीब 45 मिनट बाद बिजली सप्लाई दुरुस्त हो सकी। तब जाकर मरीजों ने राहत की सांस ली। इस दौरान अधिकारियों के कमरों में एसी चलते रहे, लेकिन कमरों में अंधेरा रहा।