पतंग उड़ाते चार बच्चे हाईटेंशन लाइन से झुलसे
करुला रहमतनगर गली नंबर तीन में पतंग उड़ाते समय मांझा हाईटेंशन लाइन से छू जाने पर चार बच्चे झुलस गए। हादसा चाइनीज मांझा बिजली लाइन से टकरा जाने के कारण हुआ। पतंग उड़ाने में मस्त कई और बच्चे हादसे का शिकार होने से बच गए। चारों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के करुला स्थित रहमतनगर गली नंबर तीन में गुरुवार को शाम करीब सात बजे पतंग उड़ा रहे थे। इसी बीच एक पतंग के कटकर आने पर उसमें लगा मांझा चाइनीज था। कटी पतंग का मांझा छतों को छूकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकराने पर चार बच्चे शिमरा (8), अर्शी (9), मोहम्मद नूर (7) और अब्दुल (9) झुलस गए।
बच्चों के चीखने चिल्लाने की आवाज पर परिजन पहुंच गए। करंट से बच्चों के झुलसने पर तत्काल उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बच्चों के पिता सम्मी ने बताया कि चाइनीज मांझा होने के कारण हाईटेंशन लाइन से टकराते ही फाल्ट हुआ था, जिससे अन्य बच्चे भी छतों पर खेल रहे थे, बाल बाल बच गए।