ठाकुरद्वारा। शादी में ढाई लाख का अनुदान दिलाने का झांसा देकर वृद्ध से 35 हजार रुपए की ठगी कर ली। पैसे मांगने पर आरोपी ने उसे मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया। बाद में आरोपी ने ही वृद्ध की शिकायत पुलिस से कर दी।
नगर के मोहल्ला वार्ड 22 निवासी रईस अहमद के अनुसार उसकी बेटी की शादी चार मई को है। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने करीब सात माह पूर्व पीड़ित से बेटी की शादी के लिए ढाई लाख रुपये का अनुदान दिलाने की बात की। आरोपी ने पीड़ित से अनुदान दिलाने के बदले में 35 हजार रुपये नकद ले लिए लेकिन उसे अनुदान नहीं दिलाया। उसके पैसे मांगने पर आरोपी ने पीड़ित को अपने बैंक खाते के दो चेक दिए लेकिन बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए। पीड़ित के अनुसार सोमवार को पैसे मांगने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। एक हाथ भी तोड़ दिया। इसके बाद उसने उसकी ही मारपीट करने की झूठी शिकायत पुलिस को दे दी। रईस अहमद ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।