सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान का दूसरा चरण पूरा हो गया। एक पखवाड़े तक चलाए अभियान में मुरादाबाद जिले में 126 टीबी के नए मरीज खोजे गए हैं। इनमें सर्वाधिक मरीज कांठ, ताजपुर और लाइनपार क्षेत्र के हैं। स्वास्थ्य विभाग इन इलाकों में अब हर महीने स्क्रीनिंग अभियान चलाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डा. दिनेश कुमार प्रेमी के मुताबिक टीबी मरीज खोजो अभियान के दूसरे चरण में 175 टीमों ने जिले में 466531 लोगों की स्क्रीनिंग की। इनमें 4035 संदिग्ध लोग मिले। 3684 लोगों की जांच की गई और इनमें 126 लोगों में टीबी का बैक्टीरिया मिला है। डा. प्रेमी के मुताबिक पहले चरण में 206 टीबी के मरीज चिह्नित किए गए थे। दो चरणों में जिले में 332 टीबी के रोगी मिल चुके हैं। चिह्नित सभी मरीजों का इलाज शुरू करवा दिया है।
समन्वयक डा. मो जावेद के मुताबिक पहले और दूसरे चरण की समीक्षा में सर्वाधिक मरीज कांठ, ताजपुर और लाइनपार क्षेत्र में मिले हैं। इन इलाकों में घनी आबादी और स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता की कमी है। अभियान में इन इलाकों में कई ऐसे मरीज मिले हैं जिन्होंने इलाज अधूरा छोड़ा दिया और परिवार एवं आसपास के लोगों में टीबी का बैक्टीरिया फैलाया है।