मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र में एक मकान बेचने का झांसा देकर दंपति समेत पांच लोगों ने एक युवक से 24 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर मझोला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आजादनगर एमडीए काॅलोनी निवासी मोहम्मद सलमान ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसने अपने मकान के बगल में 72 वर्ग मीटर जमीन पर बने मकान का सौदा 65 लाख रुपये में किया था। इस सौदे में मुरसलीन, उसकी पत्नी फरहा, भाई हबीब और बिजनौर के बड़ापुर निवासी गुड्डू और उसकी पत्नी शबनम भी शामिल थे। सलमान ने कहा कि सौदा तय होने के बाद जुलाई 2024 में अलग-अलग तिथियों में उसने कुल 24 लाख रुपये का भुगतान किया। बाकी रकम बैनामा के समय देने की बात हुई थी।
आरोप है कि पैसा देने के बाद उसने रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया, लेकिन आरोपी आनाकानी करने लगे। इंतजार करते-करते सात-आठ माह हो गए। इस बारे में सलमान ने पता किया तो जानकारी मिली कि आरोपियों ने मकान का सौदा किसी दूसरे व्यक्ति से कर दिया है। सलमान ने 13 जनवरी 2025 को मुरसलीन से संपर्क कर रुपये वापस मांगे तो वह गाली-गलौज करने लगा।
17 जनवरी को युवक ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद आरोपी ने दो माह में पैसे वापस करने का आश्वासन देकर समझौता कर लिया था। फिर भी पैसा देने में बहानेबाजी करने लगा। युवक ने फिर एसएसपी से शिकायत की। मझोला थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर दंपती समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।