अमरोहा। स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास एंव पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागर में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए हर हाल में जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड में इलाज के लिए भर्ती करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी हेमंत कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत जिला स्तरीय अभिसरण योजना समिति की बैठक हुई। इसमें डीएम ने नवंबर से पहले एनआरसी में भर्ती कराए गए बच्चों की सही जानकारी न देने पर मुख्य सहायिकाओं से नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम और डी. वार्मिंग की गोलियों की उपलब्धता और वितरण की जानकारी न देने और लापरवाही बरतने को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि डॉक्टरों की एक मीटिंग बुलाकर इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी करें। जिलाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी, सहायिका और सीडीपीओ को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि हर माह 20 बच्चे प्रति मुख्य सेविका एनआरसी में भर्ती कराएं।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी से प्रत्येक आंगनबाड़ी और कार्यकर्ता की ब्लाकवार प्रगति रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले में चिह्नित कुपोषित बच्चों के परिवारों को राशनकार्ड और मनरेगा के जॉब कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने आयरन, कैल्सियम और डी वार्मिंग की गोलियां वितरित न कराए जाने पर बीएसए को दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा। कहा कि लापरवाही बरतने पर प्रतिकूल प्रविष्ट दी जाएगी। सभी विभागों से राष्ट्रीय पोषण मिशन की प्रगति रिपोर्ट अगली बैठक में लेकर आने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम, एसीएमओ, सीएमएस, परियोजना अधिकारी आदि मौजूद रहे।