भोला और शिव शक्ति कालोनी में जलभराव का कारण नाले का टूटना रहा है। शनिवार शाम मेयर विनोद अग्रवाल ने नाला निर्माण की फाइल तलब की तो अधिकारियों की मनमानी का खुलासा हुआ। इससे नाराज मेयर ने जिम्मेदार अफसरों का जवाब तलब किया है।
नाले के जर्जर होने और कई जगह से चटकने की शिकायत पार्षद की ओर से मेयर और नगर आयुक्त से जनवरी मे ंकी गई थी। उन्होंने नाले की मरम्मत कराने का आदेश निर्माण विभाग के अधिकारियों को जारी कर दिया। अफसरों ने नाला निर्माण का कार्यादेश जारी करने के साथ ही इसका ठेका एक चहेते ठेकेदार को दे दिया। उसके बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। मेयर की जांच में मार्च में कार्यादेश जारी होने का खुलासा हुआ है। इसको गंभीरता से लेते हुए मेयर ने निर्माण विभाग के अधिकारियों का जवाब तलब किया है। इस मामले में आरोपी ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी। उसको काली सूची में डाला जा सकता है। इसके लिए सोमवार को दोबारा से बैठक बुलाई गई है।