मुरादाबाद। डेंगू का दायरा सिर्फ गक्खरपुर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शहर के मोहल्लों में भी केस मिलने लगे हैं। सोमवार को जिले में डेंगू के 19 मरीज और मिले हैं। इसमें दस मरीज गक्खरपुर गांव के शामिल हैं। वहीं, बुद्धि विहार समेत शहर के छह मोहल्लों में भी डेंगू के मरीज मिले हैं।
जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 124 हो गई है। शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल और निजी लैब से एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट आई। जिसमें जिले के 19 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सबसे अधिक डेंगू के दस केस डिलारी ब्लॉक के गक्खरपुर में मिले हैं।
वहीं शहर के असालतपुरा में 20 वर्षीय युवती, कांशीराम नगर में 62 वर्षीय बुजुर्ग, बुद्धि विहार में 44 वर्षीय व्यक्ति, कुंदनपुर लाइनपार में 18 वर्षीय युवती, पीरजादा में 23 वर्षीय युवक, मुगलपुरा में 45 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है।
इसके अलावा नगर पंचायत ढ़किया, बेगमपुर कांठ और कुंदरकी में भी डेंगू के एक-एक केस मिले हैं। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि एलाइजा टेस्ट में 19 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।