मुरादाबाद। पीतल नगरी में वायु प्रदूषण बरकरार है। सुबह के समय कम रहने वाले प्रदूषण का स्तर रात होते-होते 174 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर हो गया। वातावरण में भारी कणों की मात्रा लाल निशान पर पहुंच गई।
रविवार रात बारिश होने के बाद सोमवार सुबह पांच बजे मुरादाबाद का वायु प्रदूषण 295 एक्यूआई था। इसके बाद वेबसाइट पर डाटा प्रदर्शित होना बंद हो गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह पांच बजे डाटा 141 एक्यूआई प्रदर्शित हुआ था। सुबह छह बजे मुरादाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 137 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर था। सुबह दस बजे 151 एक्यूआई, दोपहर दो बजे 158, शाम छह बजे 165 और रात आठ बजे 178 एक्यूआई दर्ज किया गया। रात आठ बजे पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 394, न्यूनतम 47 और औसत 174 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर, पीएम 10 का अधिकतम स्तर 346, न्यूनतम 58 और औसत 134 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार प्रदूषण के इस स्तर से फेफड़े, अस्थमा और हृदय रोगों से पीड़ित मरीजों को बेचैनी की समस्या हो सकती है।