बिलारी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में कुआंखेड़ा हाल्ट के निकट शनिवार की शाम एक्सप्रेस ट्रेन से कटा शव कोतवाली के ही दक्षिणी सीमांत गांव धमावली उर्फ मोहम्मदपुर मंसुख निवासी छात्र जोगेंद्र का निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की ओर से पुलिस कार्रवाई करने की तैयारी है।
याद रहे कि चंदौसी की ओर से तेज गति से आ रही ऊंना हिमांचल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में एक युवक के आ जाने के बाद कटकर उसकी मौत हो गई थी। पहले तो युवक की काफी देर तक शिनाख्त नहीं हो पाई। बाद मेें पता चला कि शनिवार की रात लगभग नौ बजे सूचना मिलने पर परिजनों ने घटना स्थल पर पहुंचकर युवक की पहचान धमावली गांव निवासी लक्ष्मीनारायन मीना के 18 वर्षीय बेटे जोगेंद्र मीना के रूप में की। मृतक जोगेंद्र नौ भाई बहन हैं जिनमें मृतक सबसे छोटा था।
पुलिस ने शनिवार को काफी रात हो जाने और बारिश होने की वजह से रविवार की सुबह मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली बिलारी के जरगांव चौकी के प्रभारी दारोगा सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि गोपनीय रूप से जांच करने पर पता चला है कि धमावली के निकट स्थित बरौली रूस्तमपुर गांव में शनिवार की दोपहर रक्षाबंधन मेला लगा था। यह मेला देखने गए जोगेंद्र सिंह का बरौली गांव के कुछ युवकों से झगड़ा हो गया था। इस दौरान हमलावर युवकों ने उसकी पिटाई कर दी थी। चर्चा है कि पिटाई से आत्मग्लानी महसूस करने पर गुस्से में आकर जोगेंद्र ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। मृतक जोगेंद्र अभी अविवाहित था तथा महेंद्र सिंह स्मारक मेमोरियल विद्यालय बरौली में कक्षा 11 में पढ़ रहा था। चौकी प्रभारी दारोगा का यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजन जो तहरीर देंगे उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।