चंदौसी। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव दियोरा खास में मंगलवार की रात्रि चोरों ने दो घरों में नकब लगाकर जेवर नकदी सहित ढाई लाख की चोरी कर ली। पीड़ितों ने वारदात की तहरीर दे दी है।
दियोरा खास निवासी कल्लू मंगलवार की रात्रि को घर के बाहर सोया हुआ था। आंगन में महिलाएं एवं बच्चे सो रहे थे। छत पर बेटा सो रहा था। रात में चोरों ने मकान के पीछे से दीवार की ईंटें निकालकर नकब लगाया और कमरे में रखे संदूक से सोने की जंजीर, चूड़ी, अंगूठी, चांदी की पाजेब, तगड़ी, एक लैपटॉप, बर्तन कपड़े एवं 20 हजार रुपये सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। इसी गांव में दूसरी तरफ सुरेश के घर में बने कमरे के पीछे से चोरों ने नकब लगाकर कमरे में रखे संदूक को निकाल कर ले गए और खलिहान में जाकर ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर और कपड़े निकालकर ले गए संदूक में चांदी के खडुआ, रेशम पट्टी, बिछुआ का गुच्छा, हथफूल एक गले का मंगलसूत्र तथा पांच साड़ियां निकाल कर ले गए और संदूक को गांव के बाहर श्मशान भूमि में छोड़ गए। चोरों ने एक तीसरे घर को भी निशाना बनाया, लेकिन नत्थू सिंह के घर में नकब लगाकर एक ईंट निकाली तो कमरे में भूसा भरा निकला। इसलिए उस मकान को छोड़ दिया।