रक्षाबंधन के त्योहार में अब कुछ ही दिन शेष हैं, जिस कारण शहर के बाजारों में मनभावन राखियों की दुकानें सज चुकी हैं। ग्राहकों की पसंद के मुताबिक दुकानदारों ने रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां आ गई हैं। बुधवार को ईद का त्योहार होने और मौसम खराब होने के बावजूद बाजारों में रौनक रही। भाइयों की पसंद को देखते हुए बहनें राखियां खरीद रही हैं।
रक्षाबंधन त्योहार को लेकर महिलाओं का उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। सुबह से लेकर देर रात तक दुकानों पर भीड़ लगी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि बच्चों को कार्टून राखियां रिझा रही हैं। बच्चे खिलौनेनुमा रंग-बिरंगी राखियां पसंद कर रहे हैं। दुकानदार राहुल ने बताया कि युवा ब्रेसलेट वाली सदाबहार राखियों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। महिलाओं के लिए लुंबा में भी कई तरह की डिजाइन आ गई हैं। ताड़ीखाना, गुरहट्टी, बाजार गंज, टाउनहॉल, जीएमडी रोड, चौमुखापुल, अमरोहा गेट, नवीन नगर, मंडी चौक, प्रभात मार्केट सहित सभी बाजार में राखियों की दुकान सजी हैं। इसके अलावा कालोनियों और मोहल्ले में भी फेरी वाले राखी बेच रहे हैं। पांच रुपये से लेकर पांच सौ रुपये तक की राखियां हैं। कीमती राखियों के लिए सर्राफा बाजार भी तैयार है। मंडी चौक सर्राफ कमेटी के महामंत्री नवीन रस्तोगी ने बताया कि चांदी की राखियों में अलग-अलग मीना कारीगरी की राखियां हैं। इसमें राजकोट और बॉम्बे राखी प्रमुख हैं। बाजार में एक-दो जगह सोने की भी राखियां हैं। इसके बावजूद ग्राहकों में ज्यादा रुझान नहीं है।