शिव शंकर को जिसने पूजा, उसका बेड़ा पार हुआ...
चंदौसी। सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा। शिवभक्तों ने वेलपत्र, भांग, धतूरा, फल, फूल, मिष्ठान और गंगाजल से भोलेबाबा का जलाभिषेक किया। भगवान शिव शंकर के जयकारों और भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया।
मौलागढ़ स्थित शिव मंदिर, मिलक मौलागढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सीता रोड स्थित मूंछों वाले शिव मंदिर, सुभाष रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर, बेरनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर, आटा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भारी संख्या में शिवभक्त आए। सावन के चौथे सोमवार को भगवान शिव की विशेष आराधना हुई। शाम सात बजे सुभाष रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव की 108 दीपों संग विशेष आरती हुई। भक्तों ने आरती के माध्यम से भगवान की महिमा का गुणगान किया। जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। इस मौके पर विवेक अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, मोनू खुराना, नरेश गुप्ता, अभिषेक शर्मा, नरेंद्र अरोरा, वेद अरोरा, विष्णु दुआ आदि मौजूद रहे। वहीं, शिवभक्तों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया।