बिना भुगतान फिर से मिल चलाना किसानों के साथ धोखा
बहजोई। किसानों का करोड़ों रुपये का बकाया गन्ना भुगतान अदा किए बिना यदि वीनस शुगर मिल फिर से चलती है तो यह किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा होगा और इसके खिलाफ किसानों की ओर से पुरजोर आंदोलन किया जाएगा। यह बात किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मुख्य विकास अधिकारी प्रेमप्रकाश त्रिपाठी को सौंपते हुए कही।
ज्ञापन में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा का कहना था कि किसानों का कहना था कि पिछले करीब सात वर्ष से बंद पड़ी मिल फिर से अचानक चालू की जा रही है, जबकि करीब 28 करोड़ रुपये का किसानों का गन्ना भुगतान बकाया है। यह किसानों के साथ धोखा है। वीनस शुगर मिल किसानों का बकाया गन्ना भुगतान दिए जाने के बाद चलाई जाए। वीनस शुगर मिल से संबंधित सभी गन्ना क्रय केंद्र राणा शुगर मिल करीब गंज शाहबाद रामपुर से जोड़े जाएं। विकासखंड बनियाखेड़ा की ग्राम पंचायत असालतपुर जारई में नालियों में सुधार कराया जाए। कृषि संबंधित सभी वस्तुओं को जीएसटी से दूर रखा जाए। निजी नलकूपों के नए कनेक्शन जारी किए जाएं। किसानों का कहना था कि यदि वीनस शुगर मिल से संबंधित सभी समस्याओं का समाधान 20 दिन में नहीं किया गया तो 16 अगस्त 2017 से उग्र आंदोलन होगा। ज्ञापन में मुनेश कुमार, देवपाल जोशी, कमल कुमार सिंह, जसवंत सिंह व प्रेमचंद आदि के नाम हैं।