मुरादाबाद। जिले की 128 ग्राम पंचायतों में पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में इन ग्राम पंचायतों में चुने गए प्रधानों को अभी शपथ नहीं दिलाई जाएगी। रिक्त रह गए ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव के बाद ही सदस्यों का कोरम पूरा होना संभव है। इसलिए इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को अपनी पारी शुरू करने के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
दरअसल ग्राम पंचायत संगठित करने के लिए ग्राम पंचायत में कुल पंचायत सदस्यों की संख्या का दो तिहाई सदस्य निर्वाचित होने जरूरी हैं। पंचायत राज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जनपद में कुल 643 ग्राम पंचायतें हैं लेकिन इनमें से केवल 515 ग्राम पंचायतों में ही दो तिहाई सदस्य ही निर्वाचित हुए हैं। इसमें 128 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हुआ है। इसलिए ग्राम पंचायत असंगठित रह गई हैं। नियमानुसार असंगठित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जा सकती। इसलिए इन गांवों के नव निर्वाचित प्रधान अभी प्रधान पद पर काम शुरू नहीं कर सकेंगे।
छजलैट में सबसे अधिक पंचायतें असंगठित
छजलैट ब्लॉक में कुल 82 ग्राम पंचायतें हैं इनमें से 30 में अभी तक सदस्यों का कोरम पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में यहां पर इन प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जा सकेगी।
कुंदरकी ब्लॉक सबसे बेहतर
कुंदरकी ब्लॉक में सबसे अधिक 99 ग्राम पंचायतें हैं और इनमें से 96 ग्राम पंचायतों में सदस्यों का कोरम पूरा है। यहां केवल तीन ग्राम पंचायत ही असंगठित हैं। ऐसे में इस ब्लॉक में सबसे ज्यादा प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी।
कुल ग्राम पंचायत 643
संगठित 515
असंगठित 128
ब्लॉक कुल ग्राम पंचायत संगठित असंगठित
ठाकुरद्वारा 74 50 24
बिलारी 98 82 16
छजलैट 82 52 30
मुरादाबाद 56 44 12
मूंढ़ापांडे 76 62 14
भगतपुर टांडा 73 54 19
कुंदरकी 99 96 3
बिलारी 85 75 10
कोट
जब तक ग्राम पंचायत में दो तिहाई सदस्यों का कोरम पूरा नहीं होता जब तक ग्राम पंचायत संगठित नहीं हो सकती। सदस्यों का कोरम पूरा होने के बाद ही पंचायत संगठित होगी और प्रधान को शपथ दिलाई जाएगी। तब तक वहां वैकल्पिक व्यवस्था लागू रहेगी।
राजेश सिंह ,डीपीआरओ
मुरादाबाद ब्लॉक की ये ग्राम पंचायत नहीं हुई गठित
मुरादाबाद ब्लॉक के एडीओ पंचायत आमोद कुमार के अनुसार ब्लॉक में त्रिलोकपुर, सिकंदरपुर, गिन्नौर, उमरी, डिडोरी, खानपुर कस्बा, बीजना, उत्तमपुर बहलोलपुर, बागड़पुर, चकबेगमपुर, रूपपुर बहादुरपुर, शाह आलमपुर गांव में सदस्य का कोरम पूरा नहीं हुआ। यह पंचायत गठित नहीं हो सकेंगी। हटहट ग्राम पंचायत में चुनी गई प्रधान का निधन हो गया था।
सार्वजनिक स्थानों पर लेंगे शपथ
मुरादाबाद ब्लॉक के बीडीओ सुनील कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान, सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए सभी चुने गए प्रधानों के व्हाटसएप मोबाइल नंबर और फोटो ले लिए गए हैं। जूम एप या अन्य ऑन लाइन माध्यम से शपथ होगी। शपथ दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। प्रधान सदस्य अपने घर से नहीं बल्कि गांव के किसी सार्वजनिक स्थान, जैसे प्राइमरी स्कूल, पंचायत भवन आदि सार्वजनिक स्थल पर जाकर शपथ लेंगे।