मुरादाबाद। नूपुर शर्मा के बयान के विरोध में शुक्रवार को किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने रविवार को दस और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक जेल भेजे गए लोगों की संख्या 35 हो गई। पुलिस छह अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से प्रदर्शन में शामिल रहे युवा और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जुमे की नमाज के बाद शहर के थाना मुगलपुरा क्षेत्र के तीन स्थानों पर बिना अनुमति जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया गया था। पुलिस ने दस नामजद समेत करीब सौ लोगों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया था। शनिवार तक पुलिस इस मामले में 25 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। रविवार को पुलिस ने इस मामले में दस और लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। रविवार तक पुलिस 35 लोगों को जेल भेज चुकी है। पुलिस इस मामले में सीसीटीव फुटेज और वीडियो खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज में चिह्नित छह अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस की कार्रवाई और दबिश के चलते घटना के दिन प्रदर्शन में शामिल रहे युवाओं व उनके परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है। सूत्र बताते हैं कि कई युवा गिरफ्तारी के भय से अपना घर छोड़ कर दूसरे शहरों में या अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं।