कछवां। थाना क्षेत्र के मितई गांव के पास शनिवार की सुबह पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को उसकी शादी होनी थी। घटना की जानकारी मिलते ही कछवां थानाध्यक्ष मनोंज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाया था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पिपराड़ाड़ गांव निवासी जयराम साहनी (30) की रविवार को शादी होने वाली थी। वह किसी काम से बाइक से भटौली पुल पार कर चुनार के भुआलपुर अपने ननिहाल जा रहा था। वह मितई गांव के पास पहुंचा था कि पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दूर जा गिरा। हेलमेट नहीं लगाए होने से उसके सिर में चोट लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पिकअप चालक मौका देखकर भाग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कछवां थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जयराम साहनी चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। कल ही उसकी शादी होने वाली थी। शनिवार को घर में भत्तवान का कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच जयराम साहनी बाइक लेकर किसी काम से ननिहाल जाने के लिए निकला। उसे क्या पता था कि रास्ते में सड़क हादसे में उसे अपनी जान गवानी पड़ेगी। मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। खुशियों का माहौल गम में बदल गया। परिजनों ने पिकअप चालक के खिलाफ तहरीर दिया।