सक्तेशगढ़। चुनार थाना क्षेत्र के बरगवां गांव में छुट्टा मवेशी को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बाइक सवार सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
सक्तेशगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के बरगवां गांव निवासी शंभू यादव (40) बुधवार की रात चाचा के घर रात 11 बजे लौट रहा था। बरगवां गांव के पास मोड़ पर छुट्टा मवेशी बाइक के सामने आ गया। इससे शंभू अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खोदे गए गड्ढे में गिर गया। गंभीर रूप से चोट लगने के कारण मौके पर उसकी मौत हो गई। रात भर घर न पहुंचने पर बृहस्पतिवार की सुबह परिजन शंभू यादव की तलाश करने लगे। इस दौरान गड्ढे में उसका शव मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंचे सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी अनिल विश्वकर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।