मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के महोगढ़ी गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को पेड़ पर रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाकर पिटाई करने का किसी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया।
मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के महोगढ़ी गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को पेड़ पर रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाकर पिटाई करने का किसी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को देर शाम पुलिस ने संज्ञान लिया तो महिला ने थाने पर जाकर उसके बेटे की पिटाई करने वाले चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
विज्ञापन
तहरीर में युवक की मां चंद्रकली पत्नी कैलाश बहेलिया ने आरोप लगाया कि बीते तीन दिसंबर को गांव निवासी युवक ने उसके पुत्र पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए पेड़ में बांधकर उल्टा लटकाया। महोगढ़ी गांव निवासी दो लोग देवहट गांव निवासी एक युवक व भटपुरवा गांव निवासी एक युवक लात-घूसे और डंडे से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारने- पीटने से गंभीर रूप से घायल पुत्र जयशंकर बहेलिया का दाहिना हाथ टूट गया है।
पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घायल युवक की मां ने बताया कि पुत्र को उल्टा लटकाकर मारने की जानकारी मिलने पर रोते-बिलखते हुए मौके पर गई, लेकिन युवक रस्सी खोलने को तैयार नहीं थे। बाद में किसी तरह रस्सी से नीचे उतारा गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज अरविन्द कुमार सरोज ने बताया कि युवक को पेड़ से बांधकर उल्टा लटकाने वाले युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।