Mirzapur News: मृतक दो भाइयों व दो बहनों में चौथे नंबर पर था। मृतक अरविंद 2024 में इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा दिया था। अभी रिजल्ट भी नहीं देख पाया था। मौत की खबर से गांव गमगीन हो गया। शादी का जश्न गम में बदल गया। मौत की सूचना पर मां विमला देवी व दोनों बहन गीता व सीता का हाल बेहाल हो गया।
मिर्जापुर के लालगंज में बड़े भाई की शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की बीती शाम को लालगंज थाना क्षेत्र के बनकट गांव के सामने गैपुरा-लालगंज मार्ग पर बोलेरो की टक्कर के बाद ट्रैक्टर से टकराकर से मौत हो गई। साथ में बाइक पर सवार उसके चाचा घायल हो गये। प्राथमिक उपचार के बाद उनको मण्डलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
जिगना थाना क्षेत्र के गौरा गांव के शिवराजपुर मजरा गांव निवासी अरविंद कुमार (19) पुत्र राजकुमार बिंद अपने चाचा रमेश (40) को बाइक पर बैठाकर शनिवार की सुबह घर से भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला था। वह लालगंज बाजार निवासी अपने पिता के मित्र जमुना प्रसाद पाल को भाई की शादी का कार्ड देने जा रहा था।
शनिवार की शाम को बनकट गांव के सामने विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क की पटरी पर पाइप पंडाल लाद रहे ट्रैक्टर-ट्राली में भिड़ गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचीं पुलिस दोनों घायलों को सीएचसी लालगंज ले गई। जहां चिकित्सकों ने अरविंद को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
जबकि गंभीर रूप से घायल चाचा रमेश को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। युवक के मौत की खबर सुनते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के बड़े सुशील का विवाह 26 अप्रैल को थाना क्षेत्र के नरोइया गांव निवासी छन्नन बिन्द के बेटी से होना तय था। 24 अप्रैल को तिलकोत्सव कार्यक्रम रखा गया था।