विकास खंड राजगढ़ के 54 गांवाें में मनरेगा के तहत कार्य शुरू करा दिए गए हैं। ऐसे में रोजगार मिलने से मजदूराें में खुशी की लहर दौड़ गई है। पिछले छह माह से पंचायत चुनाव के चलते ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य अवरुद्ध हो गया था। जिससे मजदूर आर्थिक संकट झेल रहे थे।
विकास खंड के खोराडीह में दलित बस्ती से खखरहा बस्ती तक सिंचाई नाली का निर्माण, मटिहानी गांव में शहीद बाबा से अली मोहम्मद के घर तक सड़क निर्माण, भांवा गांव से मुक्खू के घर तक संपर्क मार्ग निर्माण, पतरखुरा गांव में सोनबरसा तालाब की खुदाई का काम, कूड़ी गांव में गुलरिहवा बंधी की खुदाई कार्य।
जौगढ़ में गंगा प्रसाद के खेत के पास बंधी निर्माण। नुनौटी में बाबू नंदन के खेत के समीप बंधी निर्माण सहित कुल 54 गांवाें में मनरेगा का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे मजदूर तेजी से कार्य कर रहे हैं। हालांकि कार्य 84 गांवों में होना था। लेकिन अभी 54 में ही शुरू कराया गया है।
बीडीओ सरिता सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर ग्राम पंचायताें में मनरेगा के तहत कार्य का प्रस्ताव लिया गया, जिस पर ग्राम पंचायतों में मनरेगा का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
बताया कि जिन गांवों में किसी कारणवध मनरेगा का कार्य नहीं शुरू कराया जा सका है, उन ग्राम पंचायताें के ग्राम प्रधानों व सचिवाें से तत्काल आवश्यक कागजी कार्रवाई करा कर मनरेगा के कार्य को शुरू करा दिया जाएगा।
बताया कि ब्लाक के जिन ग्राम पंचायतों में समितियाें का गठन नहीं हो पाया है और जहां पर मजदूरों का जाब कार्ड नहीं बन पाया है, मजदूर तत्काल आवेदन कर आधार कार्ड के साथ अपना नंबर ब्लाक में जमा कर दें, ताकि उनके द्वारा किए गए मनरेगा के कार्य का भुगतान मजदूरों के खाते में किया जा सके।