जमालपुर। थाना क्षेत्र के तेतरिया कला गांव में रविवार की सुबह टहलने निकली महिला की तालाब के भीठे के मलबे में दबकर मौत हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को बुलाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। परिजनों ने अवैध मिट्टी खनन का आरोप लगाते हुए शव देेने से इंकार कर दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद परिजन मानें।
अहरौरा थाना क्षेत्र के धुरियां गांव निवासी कमला (48) पत्नी राम नरेश एक माह से अपने मायके तेतरिया थाना जमालपुर राम दूलारे यादव के घर आई थी। वह रविवार की सुबह टहलने निकली थी। रास्ते मेें तालाब के भीठे के मिट्टी भसक गई। जिससे कमला मलबे में दब गई। पास में स्थित मंदिर में लोगों ने महिला को मलबे में दबा देखकर शोर मचाया। ग्रामीणों और परिजनों को सूचना देकर उसे निकालने में जुटे। बाहर निकालने पर महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौत से आक्रोशित परिजनों ने अवैध खनन करने के चलते भिठा भसकने का आरोप लगाते हुए शव देने से इंकार कर दिया। परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मौके पर एसडीएम और सीओ चुनार पहुंचे। दो घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन माने। इसके बाद पुुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उपजिलाधिकारी ने मृतका परिवार को चार लाख रुपये आपदा कोष से दिलाने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।