विंध्याचल। विन्ध्य कारिडोर शिलान्यास के लिए एक अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह के साथ सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आगमन की संभावना मंडलायुक्त ने जताई। इसके बाद तैयारियों में जुटा प्रशासन अब युद्ध स्तर पर तैयारी को करने लगा है। मंडलायुक्त के अनुसार सूबे के सीएम योगी आदित्य नाथ के साथ केंद्रीय गृहमंत्री एक अगस्त को कार्यक्रम में शामिल होकर मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे, साथ ही विंध्य कारिडोर का शिलान्यास कर 240 करोड़ तक की परियोजनाओं का आधारशिला रख सकते है। इस दौरान पूरी हुई परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। बृहस्पतिवार को कार्यो का निरीक्षण करने के बाद मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने डीएम से कहा कि वे 25 जुलाई को अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
मां विन्ध्यवासिनी का दर्शन करने विन्ध्यधाम पहुंचे मंडलायुक्त ने वहां होने वाले कार्यो का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने डीएम से कहा कि एक अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाम के आने की पूरी संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बात का संकेत दिया है। उन्होंने इसके दृष्टिगत तैयारी करने का आदेश जिलाधिकारी को दिया। बोले अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा वो रविवार को करेंगे। बोले विंध्य कारिडोर के लिए जो भी ध्वस्तीकरण होना था वह हो चुका है। चाहे परिक्रमा पथ हो या गलियों को चौड़ा करने के लिए ध्वस्तीकरण हुआ हो। विंध्य कारिडोर के लिए फिलहाल शासन ने तीन सौ 31 करोड़ रुपये का बजट रखा है। सूत्रों की मानें तो शासन से स्पष्ट निर्देश है कि विंध्य कारिडोर के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि विंध्य कारिडोर के तैयार होने पर मंदिर की भव्यता बढ़ जाएगी। बोले सभी विभागों को उनसे जुड़ी जिम्मेदारियां सौंप उन्हे समय से कार्य पूरा करने का आदेश दिया गया है।
युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
विन्ध्याचल । विन्ध्य कॉरिडोर शिलान्यास की तैयारियों में जिला प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया है । शुक्रवार को बड़ी संख्या में सफाईकर्मी जेसीबी मशीन और ट्रैक्टरों के माध्यम से कॉरिडोर क्षेत्र की सफाई कर मलबे को हटाने का कार्य कर रहा था। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र और जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने कर्मचारियों को आदेश दिया कि खरीदी गई भूमि तीन दिन के अंदर अतिक्रमण मुक्त होनी चाहिए।