चुनार। थाना क्षेत्र के साहबराम गोला मुहल्ले में बृहस्पतिवार की रात रुपये के लेनदेन के विवाद में जीजा अब्दुल रब ने साले शिवम पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी भी घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मुन्ना गुप्ता ने तहरीर देकर बताया कि दामाद अब्दुल रब रात में घर पहुंचा और दरवाजा पीटने लगा। दरवाजा खुलते ही साले शिवम से रुपये के लेनदेन के लिए कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर चाकू से शिवम पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी जय कुमार उर्फ विजय पर भी उसने हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद शिवम को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी अब्दुल रब को पुलिस ने शुक्रवार को पीरवाजी शहीद स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह पटेल ने बताया कि आरोपी ने 10 वर्ष पहले मुन्ना गुप्ता की पुत्री से प्रेम विवाह किया था। संवाद