मिर्जापुर के बेलहरा गांव में रविवार रात भोजन में बनी मछली में छिपकली देखकर परिवार के लोग बीमार हो गए। घबराकर आधी रात को एम्बुलेंस से पूरा परिवार अस्पताल पहुंच गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा खतरे से बाहर बताया गया।
विज्ञापन
मड़िहान थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव अधिया मौजा निवासी विजय ने बताया कि वह रविवार शाम बेलहरा चट्टी से मछली खरीदकर लाया था। घर में बनाने के बाद पूरे परिवार के साथ खाना खाते समय मछली में छिपकली देखकर घबरा गया। परिजनों को उल्टी दस्त होना शुरू हो गया।
पड़ोसियों की सलाह पर 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुला लिया। पत्नी श्याम कुमारी और दो बच्चों शनि व मनीष के साथ इलाज कराने मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया। उपचार होने के बाद डॉक्टर ने बताया कि अब सभी लोग खतरे से बाहर हैं। सुबह अस्पताल से सभी को छुट्टी दे दी गई।