अहरौरा। भंडारी देवी के मायके से आने के बाद रविवार को भगवानपुर गांव की परंपरानुसार चौथी लेकर भंडारी देवी धाम पहुंचे। चौथी पहुंचने के बाद मंदिर परिसर में हवन-पूजन कर मां को चुनरी अर्पित की गई। इसी दौरान हुई बारिश को श्रद्धालुओं ने मां की कृपा और पुष्पवर्षा माना।
भगवानपुर से दूधनाथ, दरोगा, जवाहिर, भोनू यादव, बुल्लू यादव समेत दर्जनों ग्रामीण बेसहनी, बतासा, चना, चुनरी और हवन सामग्री लेकर धाम पहुंचे। विधि-विधान से हवन-पूजन कर मां को चुनरी चढ़ाई। सेवा-भगत की परंपरा निभाते हुए अहरौरा डीह के लोगों ने चौथीहारों की सेवा की। पूजा के बाद शाम को ग्रामीण वापस लौट गए।
मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब : भंडारी देवी के मायके से धाम पहुंचने के बाद रविवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से पहुंचे 50 हजार से अधिक भक्तों ने मां के चरणों में मत्था टेका। भक्तों ने चुनरी, नारियल, लाचीदाना, माला और फूल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालु बच्चों का मुंडन संस्कार कराते भी नजर आए। संवाद