हलिया। पिपरा गांव के पास पानी लेकर जा रही महिला को रोडवेज बस से धक्का लग गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बस का पीछा कर रोका और चालक व परिचालक की पिटाई कर दी। पथराव करते हुए बस का शीशा तोड़ दिया। बस के पहिये की हवा भी निकाल दी। लोगों के जाने के बाद रोडवेज चालक ने तीन नामजद सहित 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। घायल महिला को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
हलिया थाना क्षेत्र के पौड़ी रामपुर निवासी रोडवेज बस चालक सुरेश सिंह व परिचालक रामपुर नौडिहवां गांव निवासी इंद्रबहादूर सिंह शुक्रवार को बरयां गांव से सवारियों को लेकर मिर्जापुर जा रहे थे। पिपरा गांव स्थित बाणसागर नहर के आगे सड़क पार कर रही जमुना गुप्ता की पत्नी सुमित्रा (35) को बस से धक्का लग गया। हादसे में महिला घायल हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने रोडवेज बस का पीछा करते हुए उसे रोक लिया। इसके बाद चालक व परिचालक की लाठी डंडे से पिटाई कर दी। बस के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। कुछ सवारियों को भी चोटें आई हैं। परिचालक ने हलिया थाने में तहरीर दी है।