मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के संकटमोचन के पास बृहस्पतिवार की दोपहर 50 हजार रुपये छिनैती मामले में पीड़ित महिला व उसके परिजनों और शुभचिंतकों ने शुक्रवार को एसपी को ज्ञापन सौंपा। कार्रवाई की मांग की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर मोहल्ला निवासी मीना कौर बृहस्पतिवार को 50 हजार रुपये लेकर आर्यकन्या स्कूल के पास स्थित आर्यावर्त बैंक जा रहीं थी। संकटमोचन स्थित डैफोडिल्स स्कूल के पास एक बाइक सवार युवक आया। उनसे बात की। बताया कि उनका प्रधानमंत्री आवास का एक लाख रुपये खाते मेें आ गया है। महिला ने उस बाइक सवार का मोबाइल नंबर मांगा। मोबाइल नंबर को लिखने के लिए कागज न होने पर बैग से 500 का नोट निकाल कर दिया। इस दौरान युवक ने उनके बैग में 500 के नोट की गड्डी देख ली। मौका देखकर युवक महिला का बैग लेकर भाग गया। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में अमरजीत, गुरमिंदर, मनोहर, सुरेंद्र सिंह जसपाल, तीरथ सिंह आदि रहे।