जिगना। मिर्जापुर- प्रयागराज मार्ग पर विंध्याचल थाना क्षेत्र के रामपुर नेवढ़िया के सामने बरमबाबा स्थान के पास शुक्रवार की शाम बस ने आटो में टक्कर मार दी। हादसे में आटो सवार वृद्ध की मौत हो गई। दो घायलों को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डाक्टर ने एक और को मृत घोषित कर दिया। घायल आटो चालक को भर्ती किया गया।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत अरगीसरपत्ती से बस बरात लेकर गैपुरा की ओर आ रही थी। आटो गैपुरा की तरफ से बिरोही की ओर आ रहा था। आटो में चालक सहित तीन लोग सवार थे। विंध्याचल थाना क्षेत्र के रामपुर नेवढ़िया बरमबाबा के पास आटो में बस की टक्कर हो गई। आटो सवार सुशील सिंह (65) निवासी बिराही की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल रमाकांत सरोज (35) और चालक गोपाल दास (32) को मंडलीय अस्पताल भेजा। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने रमाकांत सरोज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आटो चालक गोपाल को भर्ती किया गया है।