चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के दुर्गाजी पहाड़ पर मच्छरमर्रा के पास शुक्रवार की सुबह बाइक सवार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ ले गई। जहां चिकित्सक ने बाइक चला रहे युवक को मृत घोषित कर दिया और पीछे बैठे युवक की हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
क्षेत्र के गोबरदहां गांव निवासी 25 वर्षीय जुम्मन उर्फ शेरु पुत्र सिद्दीकी अपने साथ 21 वर्षीय मो. इन्द्रीश पुत्र सत्तार के साथ बाइक से चुनार बाजार रमजान में खान-पान के सामान की खरीदारी करने के लिए निकला था। बाइक दुर्गाजी पहाड़ी पर मच्छरमर्रा के पास पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ ले आई। जहां चिकित्सक ने बाइक चला रहे जुम्मन उर्फ शेरु को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर मो. इंद्रीश का प्राथमिक उपचार कर ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहना था। मृतक शेरु चार भाईयों में सबसे बड़ा था। ढाई वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था। उसे दो पुत्री एक डेढ़ वर्ष और दूसरी एक माह की है। वह मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाता था। उसके मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के पालन-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।