राजगढ़/मड़िहान। मड़िहान थाना क्षेत्र के धनसिरिया गांव के पास सोमवार की रात मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक जा टकराई। इसमें बाइक चला रहा युवक घायल हो गया और पीछे बैठे वृद्ध की हादसे में मौत हो गई। दूसरी घटना में अनियंत्रित कार ने राजगढ़-चुनार संपर्क मार्ग पर सेमरी गांव के पास बिजली के पोल में टक्कर मार दी। इसमें दो लोग घायल हुए। एक युवक की मंगलवार की भोर उपचार के दौरान सीएचसी मड़िहान में मौत हो गई।
झारखंड के गढ़वा जिले के चिल्ली थाना क्षेत्र के पवाही निवासी 60 वर्षीय सुरेश देहात कोतवाली क्षेत्र के जसोवर स्थित विद्यासागर की टायर रिपेयरिंग की दुकान पर काम करता था। लाकडाउन के दौरान वह अपने घर झारखंड चला गया था। सोमवार को विद्यासागर का पुत्र धर्महंस झारखंड पवाही जाकर सुरेश को बाइक पर बैठा कर अपनी टायर की दुकान पर वापस आ रहा था। वह सोमवार की देर रात मड़िहान थाना क्षेत्र के धनसिरिया गांव के पास पहुंचा था कि खड़ी ट्रक में पीछे से टक्कर मार दिया। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। धर्महंस ने हेलमेट पहना था तो उसे गंभीर चोट नहीं आई। सड़क पर गिरने से सुरेश के सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पीआरवी दोनों को सीएचसी ले गई। जहां डाक्टर ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी योगेंद्र यादव ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी घटना मंगलवार की सुबह राजगढ़-चुनार मार्ग पर मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के पास हुई। अहरौरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी 32 वर्षीय युवक अजय सिंह अपने चचेरे भाई 30 वर्षीय बलबीर सिंह के साथ कार से वाराणसी स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। राजगढ़-चुनार संपर्क मार्ग पर सेमरी गांव के सामने पहुंचते ही अचानक कार का टायर फट जाने से कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। भोर होने के कारण सड़क पर लोगों का आवागमन न होने से दोनों लहूलुहान अवस्था में काफी देर तक पड़े रहे। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने निजी साधन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। बलवीर का उपचार चल रहा है। मौत की सूचना लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मातम में बदला मांगलिक कार्य
राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के पास सड़क हादसे में मृत अजय के घर पर मंगलवार को पूजा -पाठ का आयोजन होना था,होनी को कुछ और ही मंजूर था। हादसे में अजय की मौत से मांगलिक कार्यक्रम मातम में बदल गया। मृतक का पुत्र रणवीर व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। हादसे के बाद परिवार को गमजदा देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई।