मिर्जापुर/कछवां। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलतर मोहल्ले में मंगलवार की देर रात एक महिला शिक्षामित्र ने दुपट्टे और कछवां थाना क्षेत्र के मंगरवारी वार्ड में एक युवक ने कमरे के अंदर पंखे के एंगल से फंदा लगाकर जान दे दी।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलतर रोड निवासिनी सुजाता मिश्रा (40) पत्नी गोपालजी मिश्रा मुंहकूचवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थीं। मंगलवार को घर पर पुत्र का जन्मदिन मनाया। इसके बाद कमरे में सोने चली गई। सुबह परिजनों ने दरवाजा न खुलने पर देखा तो वह कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटकी थीं। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कटरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सुजाता की शादी 20 वर्ष पूर्व हुई थी। उनके दो पुत्र हैं। वहीं, कछवां थाना क्षेत्र के मंगरवारी वार्ड निवासी संजय सेठ की सराफा की दुकान है। पुत्र विक्की सेठ (28) भी दुकान पर बैठता था। मंगलवार की देर रात को कमरेे के अंदर उसने पंखे के एंगल से फंदा बनाकर लटककर जान दे दी। सुबह जानकारी होने पर परिजनों ने कछवां पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार की रात को विक्की भोजन करके कमरे में गया और फंदे से लटककर जान दे दिया। संजय सेठ के एक पुत्र की 10 वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। विक्की को भी दो वर्ष की एक पुत्री है।